नृत्य, भजन और राधा-कृष्ण की अठखेलियों ने किया मंत्र मुग्ध
40 फ़ीट ऊंची योगीनाथ की प्रतिमा रही आकर्षण का केंद्र
देवास: हरतालिका तीज के पर्व पर शहरभर की महिलाओं ने रतजगा किया। घर-घर भजन कीर्तन और पूजन का दौर रात भर चलता रहा। शहर का प्रमुख आयोजन संस्था सिद्धि विनायक के पांडाल में हुआ। जहाँ शहर की सैकड़ों महिलाएं एकत्रित थी। कृष्ण और राधा की वेशभूषा के अलावा मोरपंख लगाकर परियों के रूप में युवतियां और महिलाओं ने नृत्य मंचन कर सभी को मंत्र मुग्ध कर दिया। यहां योगीनाथ की 40 फ़ीट ऊंची प्रतिमा विशेष आकर्षण का केंद्र रही।

देवास की जानी-मानी संस्था सिद्धि विनायक यहां गणेश उत्सव पर्व पर \”लालगेट के राजा\” मुम्बई की तर्ज पर बिठाती है। पिछले 7 वर्षों से यहां हरतालिका तीज के रात्रि जागरण का आयोजन भी होता है। यहां बने विशाल पांडाल में महिलाओं के बैठने की व्यवस्था होती है। मंच पर महिलाएं ही नृत्य, भजन की प्रस्तुतियां देती है। इसी श्रृंखला में बुधवार की रात साढ़े नौ बजे से महिलाओं का आगमन शुरू हो गया। शुरुआत गणेश वंदना से हुई। उसके बाद भजनों का दौर चला। साजो श्रृंगार करके आई बालिकाएं राधा और कृष्ण की वेशभूषा में थी तो कोई मोरपंख लगाकर मोरनी की भांति नजर आ रही थी।
सुमधुर भजन और आकर्षक नृत्य के बीच बच्चों की अठखेलियाँ निहारते निहारते कब सुबह की पांच बज गई किसी को पता ही नही चला। भजन और नृत्य के दौर में पांडाल में उपस्थित लगभग सभी महिलाएं अपने आपको नृत्य करने से नही रोक सकी। इस धर्ममयी आयोजन में रातभर सभी उपस्थितजन भक्तिरस में डूबे रहे। आयोजन के बीच बीच मे बच्चों ने आकर्षक डांस कर उपस्थित महिलाओं का मनोरंजन भी किया। यहां महिलाओं की कई खेल स्पर्धाएं भी हुई, जिनमे अव्वल प्रदर्शन पर उपहार भी दिए गए। इस आयोजन में देवास विधायक गायत्री राजे पवार ने भी शिरकत की। उन्होंने संस्था को सम्मानित भी किया। इस आयोजन में कई समाजसेवी विशेष रूप से शिरकत करते है।
विशेष आकर्षण:
संस्था सिद्धि विनायक प्रतिवर्ष अपना पांडाल कलेक्टोरेट के सामने लगाती है। जहाँ दस दिनों तक गणेशोत्सव मनाया जाता है। इस बार \”लालगेट के राजा\” का प्रमुख आकर्षण का केंद्र यहां बनाई गई योगीनाथ जी की प्रतिमा है। यह प्रतिमा 40 फ़ीट ऊंची बनाई गई है। जिसे इंदौर और ग्वालियर के कलाकारों ने दस दिनों की मेहनत से बनाया है।