
इस ब्रिज पर बार-बार होते हैं हादसे…
अब तक हो चुकी है करीब ढाई दर्जन मौतें…
ब्रिज के डिजाइन और स्थान परिवर्तन को लेकर उठ रहे सवाल…
देवास। देवास के बावड़िया से लेकर रामनगर तक बने फ्लाईओवर ब्रिज को लेकर इस समय बवाल मचा हुआ है। बवाल मचना भी स्वाभाविक है, क्योंकि ब्रिज शुरू होने से अब तक हुई अलग-अलग दुर्घटनाओं में ढाई दर्जन से अधिक लोग कल के काल में समा चुके हैं।
हालांकि इस ब्रिज के निर्माण से पहले से ही यह ब्रिज विवादों में गिर गया था। कारण था देवास में फ्लाईओवर ब्रिज के निर्माण की स्वीकृति इंदिरा गांधी प्रतिमा से लेकर भोपाल चौराहे तक की हुई थी। लेकिन बाद में इसका स्थान परिवर्तन कर इसे बावडिया से रामनगर तक बनाया गया है। विधानसभा चुनाव के दौरान भी कांग्रेस प्रत्याशी प्रदीप चौधरी ने ब्रिज के मुद्दे को अपना प्रमुख मुद्दा बनाया था और इस ब्रिज को जबरन ब्रिज का नाम दिया था। इस ब्रिज की चौड़ाई कम होने और बीच में डिवाइड नहीं होने से ब्रिज शुरू होने के बाद से ही यहां आए दिन दुर्घटनाएं होती रहती है। ब्रिज के शुरू होने से अब तक करीब ढाई दर्जन लोगों की दुर्घटना में मौत हो चुकी है। पिछले दिनों भी इस ब्रिज पर हुई एक दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई उसके बाद एक फिर ब्रिज को लेकर बवाल मचा हुआ है। हाल ही में हुई दुर्घटना के बाद यहां कुछ जनप्रतिनिधि पहुंचे और ब्रिज के दोनों किनारो पर बैरिकेट्स लगाकर ब्रिज बंद कर दिया गया। कुछ लोगों ने ब्रिज पर सुंदरकांड किया तो कांग्रेस के प्रदीप चौधरी ने ब्रिज पर ही प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विधायक पर अपना निशाना साधा और इस ब्रिज को हत्यारा ब्रिज करार दिया।
हाल ही में हुई दुर्घटना में युवक की मौत…
देवास के रामनगर फ्लाईओवर पर पिछले हफ्ते अज्ञात वाहन ने स्कूटर सवार दो लोगों को टक्कर मार दी। इस दौरान नाहर दरवाजा थाना क्षेत्र निवासी 30 वर्षीय ऋषभ पटेल की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं 45 वर्षीय कमलेश पटेल गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए इंदौर रेफर किया गया है।
देवास विकास नगर ब्रिज से एक्टिवा बाइक पर इंदौर से देवास की ओर जा रहे थे। तभी अज्ञात कार ने पीछे से उन्हें जोरदार टक्कर मारी। घायलों को 108 एंबुलेंस से देवास जिला अस्पताल लाया गया, जहां ड्यूटी डॉक्टर राहुल गहलोत ने ऋषभ पटेल को मृत घोषित कर दिया।
सुंदरकांड पाठ का आयोजन…
देवास के एबी रोड ब्रिज पर लगातार हादसे हो रहे हैं। जिसको लेकर बीते दिनों संस्था जन चेतना द्वारा ब्रिज पर सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। संस्था के अजय तोमर ने कहा था कि 2 साल इस ब्रिज को बने हुआ है। इसमें कई लोगों की जान जा चुकी है और कई लोग घायल हुए हैं। ऐसे में हमारी मांग है कि यहां पर जब तक डिवाइडर ना बनाई जाए जब तक इस ब्रिज कोर्स चालू नहीं किया जाए। इसमें कई लोगों की जाने जा चुकी है इसलिए हमने सुंदरकांड पाठ के माध्यम से कामना की है कि इस प्रकार के हादसे ना हो जिसमें किसी भी परिवार का चिराग बुझे।
FIR कराने थाने पहुंचे थे कांग्रेसी…
देवास के रामनगर नगर ब्रिज पर लगातार हो रही दुर्घटनाओं को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने औद्योगिक थाना पहुंचकर पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, सांसद और विधायक के खिलाफ थाने में आवेदन देकर फिर दर्ज करने की मांग की है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा औद्योगिक थाने पहुंचकर ब्रिज के डिजाइन चेंज करने और स्थान परिवर्तन करने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज करने को लेकर आवेदन दिया है।
कलेक्टर से मिला था शिवसेना प्रतिनिधिमंडल…
रामनगर से बावडिया तक बने फ्लाईओवर पर आए दिन हो रही मौतों व हादसों को लेकर शिवसेना का प्रतिनिधिमंडल जिलाध्यक्ष सुनील वर्मा के नेतृत्व मंगलवार को जनसुनवाई के दौरान आवेदन लेकर कलेक्टर ऋषभ गुप्ता से मिला। श्री वर्मा ने कलेक्टर को बताया कि 101 करोड रुपए से भी अधिक की लागत से फ्लाईओवर ब्रिज का निर्माण हुआ है। यह ब्रिज जनता के लिए अत्यधिक उपयोगी ब्रिज है, लेकिन पीडब्ल्यूडी/सेतु निगम अधिकारियों की लापरवाह कार्य विधि के कारण अब यह मौत का ब्रिज बन गया। आए दिन ब्रिज पर दुर्घटनाएं हो रही है और इसका शिकार होकर लगभग 29 लोग असमय काल के मुह में समा गए। वाहन चालक ब्रिज पर जाने से डर रहे है।
अब तक ब्रिज पर हुई दुर्घटना में अपनी जान गवां बैठे मृतकों के मामले जाँच की जाकर मृत परिवारजनों को फ्लाईओवर निर्माण कंपनी ठेकेदार पीडब्ल्यूडी, सेतु निगम की ओर से 50 लाख रुपए के मुआवजा व घायलों को सहायता राशि दी जाए।
ब्रिज पर प्रेस कॉन्फ्रेंस…
देवास में कांग्रेस नेता प्रदीप चौधरी ने गत दिवस एबी रोड स्थित ब्रिज पर ही प्रेस वार्ता का आयोजन किया। जहां पर उन्होंने बताया कि इस ब्रिज पर लगातार हादसे हो रहे हैं इसको लेकर जो जिम्मेदार जनप्रतिनिधि है उनका ध्यान नहीं है। हमारी मांग है कि या तो इसे तोड़ो या इसे दोनों साइड से चौड़ा करो। इसके चलते हमारे द्वारा लगातार आंदोलन किए जाएंगे और आंदोलन की आज से हमने शुरुआत की है।
कांग्रेस नेता प्रदीप चौधरी ने कहा था कि हम इस बारे में नितिन गडकरी इसी से भी मुलाकात करेंगे और उन्हें अवगत कराएंगे। वहीं उन्होंने बताया कि यहां पर डिवाइडर बनाने की बात की जा रही है जिसको लेकर यदि कोई गाड़ी यहां पर खराब हो जाती है तो लंबा जाम लगने की संभावना हो जाएगी क्योंकि इसकी चौड़ाई बहुत कम है यह सिर्फ आंख में धूल झोंकने जैसा काम है। उन्होंने इसे लेकर देवास विधायक पर भी आरोप लगाए हैं।
कोर्ट से वकील भी पहुंचे ब्रिज पर
शुक्रवार को देवास जिला न्यायालय के बड़ी संख्या में वकील ब्रिज पर पहुंचे। जिनसे चर्चा करने के लिए एसडीएम भी मौके पर पहुंचे। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक वर्मा ने जानना चाहा कि आखिर ब्रिज को किसके निर्देश पर बंद किया गया। उन्होंने जिला प्रशासन से कहा कि दुर्घटनाएं होना दुखद है। किंतु ब्रिज को बंद करना भी समस्या का हल नहीं है। अगर कोई तकनीकी गड़बड़ी है तो इंजीनियरों से कंसल्ट होनी चाहिए। लेकिन इस ब्रिज को सुरक्षित तरीके से चालू किया जाना चाहिए।