दिखने लगा अब ठंड का असर…

भोपाल। मध्य प्रदेश के तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। पचमढ़ी के न्यूनतम तापमान में गिरावट देखने को मिल रहा है। यहां एक दिन में दो डिग्री से ज्यादा तापमान गिर गया है। शुक्रवार-शनिवार की दरमियानी रात में यहां का न्यूनतम तापमान 7.8 दर्ज किया गया है। पचमढ़ी में दिन का भी तापमान 25 डिग्री सेल्सियस से नीचे रहा। इधर राजधानी भोपाल में भी ठंड का असर देखने को मिल रहा है। भोपाल में सुबह-सुबह कोहरा छाने लगा है। यहां का न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि 20 नवंबर तक ऐसा ही मौसम बना रहेगा इसके बाद ठंड का असर और बढ़ेगा। ग्वालियर चंबल क्षेत्र में ज्यादा ठंड के आसार रहेंगे। जबकि दिसंबर के मध्य में पूरे प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ने का अंदेशा लगाया जा रहा है।

Rai Singh Sendhav

सुबह-शाम बढ़ेगी धुंध

प्रदेश की राजधानी भोपाल में अब सुबह सुबह कोहरा छाने लगा है। ग्वालियर, भिंड और निवाड़ी में मध्यम कोहरे का असर देखने को मिल रहा है। सीनियर मौसम वैज्ञानिक डॉ. वेदप्रकाश सिंह ने बताया कि हवा का रुख जब उत्तर-पश्चिमी हो जाएगा और पहाड़ों पर बर्फबारी होगी, तब तापमान में और गिरावट होगी। उत्तर-पश्चिमी हवाओं के असर से ग्वालियर-चंबल संभाग सबसे ज्यादा ठंडा रहेगा। सुबह-शाम धुंध भी बढ़ेगी। हवाओं का असर इन्हीं संभागों में सबसे पहले होता है।

प्रदेश के इन इलाकों में बढ़ेगी ठंड

मौसम विभाग के अनुसार दिसंबर के शुरुआत में प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्र में ठंड का असर दिखाई देगा। इनमें सागर संभाग के जिले निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर और पन्ना शामिल है। वहीं इंदौर संभाग के झाबुआ और धार के उत्तरी हिस्से भी आने वाले समय में ठंडे पड़ने वाले हैं। जबकि रीवा संभाग के मउगंज सीधी और सिंगरौली में भी सर्द हवाएं बढ़ेंगी। जबलपुर संभाग के मंडला और डिंडोरी में भी ठंड का असर दिसंबर के शुरूआती दिनों में बढ़ेगा। इसके साथ ही प्रदेश के ग्वालियर-चंबल संभाग में जबरदस्त ठंड पड़ने वाली है। इसके अलावा मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, उज्जैन, सीहोर, मंडला, धार, विदिशा, राजगढ़ और ग्वालियर चंबल, डिंडोरी, झाबुआ में भी सर्द हवा का असर दिखने लगा है।

संपादक

+ posts
Enable Notifications OK No thanks